नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी इलाके में सोमवार को एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

बाहरी उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी के अनुसार थाना शाहबाद डेयरी पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को गोली लगने की हालत में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। जांच में घायल की पहचान 36 वर्षीय राजेश पासवान के रूप में हुई है। वह शाहबाद डेयरी में रहता है और बैटरी रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) के अनुसार, शाहबाद डेयरी स्थित अखाड़ा के पास उसे गोली मारी गई। गोली उसके चेहरे के दाहिने हिस्से में लगी है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत दर्ज किया गया है। घटनास्थल पर पुलिस को कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला। मौके पर सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा था। हालांकि, पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
