मीरजापुर, 10 मार्च (हि.स.)। जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में मीरजापुर पुलिस ने प्रदेश में परचम लहराया है। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल की फरवरी-2026 की रैंकिंग में जनपद मीरजापुर को पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के कुशल निर्देशन में हासिल हुई। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक नगर (नोडल अधिकारी) नितेश सिंह के पर्यवेक्षण और प्रभारी आईजीआरएस नीरज कुमार पाठक के नेतृत्व में शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
पुलिस विभाग की ओर से जनसुनवाई समाधान प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित समाधान कराया गया। यही कारण रहा कि फरवरी माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में मीरजापुर जनपद के साथ-साथ सभी 19 थानों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
रैंकिंग में महिला थाना, कोतवाली शहर, कोतवाली कटरा, विंध्याचल, कोतवाली देहात, चील्ह, कछवां, पड़री, लालगंज, हलिया, जिगना, ड्रमंडगंज, संतनगर, चुनार, अदलहाट, जमालपुर, अहरौरा, मड़िहान और राजगढ़ थानों ने बेहतर कार्य करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी आईजीआरएस सहित पूरी पुलिस टीम का उत्साहवर्धन किया और आगे भी इसी लगन व जिम्मेदारी के साथ जन शिकायतों का निस्तारण करते रहने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
