जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा विभाग में भविष्य में सेवानिवृत्ति से रिक्त होने वाले पदों को ध्यान में रखते हुए भर्ती संबंधी निर्णय ले रही है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने 970 महात्मा गांधी स्कूलों में विज्ञान संकाय प्रारंभ किए हैं और इनके सफल संचालन के लिए 17 जुलाई 2025 को 4850 नवीन पदों का सृजन किया गया है। इनमें 3880 व्याख्याता (स्कूल शिक्षा) तथा 970 प्रयोगशाला सहायकों के पद शामिल हैं।

मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के केवल बोर्ड लगाए, लेकिन शिक्षकों की भर्ती के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए, जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ा।
शिक्षा मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक रामस्वरूप लाम्बा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विद्यालयों में नए संकाय खोलने के साथ-साथ आवश्यक पदों का सृजन भी कर रही है। बजट घोषणा वर्ष 2025-26 में 100 विद्यालयों में अतिरिक्त संकाय स्वीकृति की घोषणा की गई थी, जिनमें से 99 विद्यालयों को स्वीकृति जारी की जा चुकी है।
विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद में 6 विज्ञान संकाय खोलते हुए 24 व्याख्याता और 6 प्रयोगशाला सहायकों के नवीन पद सृजित किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत नसीराबाद (अजमेर) क्षेत्र के 94 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में से 21 विद्यालयों में विज्ञान संकाय संचालित है। विद्यालयों का नामवार विवरण सदन की मेज पर रखा गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बजट घोषणा वर्ष 2026-27 में अतिरिक्त विषय या नवीन विज्ञान संकाय स्वीकृति के लिए फिलहाल कोई वित्तीय प्रावधान नहीं रखा गया है। हालांकि आगामी सत्र में बजट और वित्तीय संसाधन उपलब्ध होने पर नए विज्ञान संकाय स्वीकृत करने की कार्यवाही की जा सकेगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
