लखनऊ, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित जन भवन में आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन अवसर पर कहा कि शिक्षा समाज, परिवार और राष्ट्र की प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अत्यंत आवश्यक है।

उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जन भवन में आधारभूत सुविधाओं के विकास में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय के उन्नयन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान पहले केवल कक्षा 8 तक सीमित था, जिसे अब विस्तार देकर कक्षा 10 तक कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर प्राप्त होंगे।
श्री मौर्य ने छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान उनकी प्रतिभा, बुद्धिमत्ता एवं अनुशासन की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये बच्चे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर चिकित्सा एवं विज्ञान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने विद्यालय के इस परिवर्तन में राज्यपाल की महत्वपूर्ण भूमिका का विशेष उल्लेख करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा
