शिमला, 10 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला के चक्कर स्थित जिला अदालत परिसर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को हड़कंप मच गया। जानकारी अनुसार अदालत की आधिकारिक ई-मेल पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें कोर्ट परिसर में बम रखे होने और उसे उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही बालूगंज पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया गया।

पुलिस थाना बालूगंज को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिविल एवं सत्र प्रभाग शिमला के कार्यालय से यह ई-मेल प्राप्त हुआ था। ई-मेल में दावा किया गया था कि अदालत परिसर में बम रखा गया है। इस सूचना के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से अदालत भवन और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए अदालत परिसर में आवाजाही पर भी नजर रखी गई। पुलिस के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई, लेकिन अब तक किसी भी तरह का बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लिया गया है। तकनीकी टीम ई-मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले फरवरी महीने में भी इसी जिला अदालत को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय भी अदालत की आधिकारिक ई-मेल पर बम रखने का संदेश भेजा गया था। उस मामले में भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अदालत परिसर की तलाशी ली थी, लेकिन तब भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। इसके अलावा हिमाचल हाईकोर्ट और अन्य जिलों की अदालतों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
