शिमला, 09 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला में नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में कार्यभार संभालने के बाद गौरव सिंह ने कहा है कि शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुलिस बल की कमी को गंभीरता से लिया जा रहा है और जिन स्थानों पर पद खाली हैं, उन्हें जल्द भरकर फील्ड में पर्याप्त पुलिस तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि व्यवस्था और प्रभावी बन सके।

एसएसपी गौरव सिंह ने ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां ट्रैफिक राइडर्स और अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही ट्रैफिक स्टाफ की विशेष ब्रीफिंग भी की जाएगी, जिससे वे अपनी जिम्मेदारी को और बेहतर तरीके से निभा सकें। उनका कहना है कि ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस सिविल प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करेगी, जिससे लोगों को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

नशा तस्करी के मुद्दे पर एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे की सप्लाई और डिमांड दोनों पर एक साथ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़े ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उनके नेटवर्क को तोड़ा जाएगा। साथ ही नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत अटैच करने की भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस अपराध की आर्थिक व्यवस्था को कमजोर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने, ट्रैफिक को व्यवस्थित करने और नशा तस्करी पर सख्त नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। उनका लक्ष्य शिमला को एक सुरक्षित, अनुशासित और बेहतर ढंग से संचालित शहर बनाना है, जहां आम लोगों को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं मिल सकें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
