कोलकाता, 03 अप्रैल (हि. स.)। भवानीपुर में भाजपा उम्मीदवार और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के दौरान हुई अशांति को लेकर कोलकाता पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई चुनाव आयोग की शिकायत के आधार पर की गई है।

गुरुवार को नामांकन दाखिल करने से पहले शुभेंदु अधिकारी ने हाजरा मोड़ से सर्वे बिल्डिंग तक रोड शो किया। इस रोड शो में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। रोड शो जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के सामने से गुजर रहा था, तभी माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि वहां तृणमूल कांग्रेस के समर्थक काले कपड़े बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई।
इस घटना के बाद चुनाव आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट तलब की थी। उसी पर कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की। शुक्रवार को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कालीघाट थाने में एक और अलीपुर थाने में दो शिकायतें दर्ज की गईं।
इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अवैध जमावड़ा, नारेबाजी, तनावपूर्ण स्थिति पैदा करने और सरकारी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर चुनाव आयोग ने भी कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को हुई बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद को फटकार लगाई। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही पर सवाल उठाए और ऐसे जमावड़ों की अनुमति पर भी नाराजगी जताई।
भाजपा का दावा है कि उनके कार्यक्रम के लिए पहले से अनुमति ली गई थी, जबकि तृणमूल के प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
