कोलकाता, 11 फरवरी (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक रात के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है।

अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। कहीं भी वर्षा की संभावना नहीं है।
बुधवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल किसी बड़े मौसम परिवर्तन या वर्षा प्रणाली के संकेत नहीं हैं, जिससे राज्यभर में शुष्क और साफ मौसम बना रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
