हरिद्वार, 02 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद के भगवानपुर के बिनारसी गांव में 1 फरवरी को संत रविदास की जयंती के दौरान प्रसाद वितरण कार्यक्रम में दो पक्षों में हुए विवाद में मृतकों की संख्या दो हो गयी है।

आनंद उम्र 28 वर्ष पुत्र लक्ष्मीचंद्र की गोली लगने से रविवार दिन में ही मौत हो गई थी। जबकि देर रात दूसरे गुट के मांगेराम की भी मौत हो गई। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि स्थिति अभी नियंत्रण में है। लॉ एंड ऑर्डर तोड़ने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिस शोभायात्रा में रविवार को नाच गाना चल रहा था, अचानक शोभायात्रा के बाद प्रसाद वितरण के दौरान उसमें शामिल दो गुटों में पहले मारपीट, पत्थरबाजी और फिर फायरिंग हो गई थी। देखते ही देखते शोभायात्रा स्थल पर खून बह गया। गोली लगने से एक शख्स की मौत हो गई थी। तीन लोग घायल हो गए थे। घायलों में से दूसरे गुट के एक शख्स ने भी देर रात दम तोड़ दिया। जिस शख्स की मौत हुई उसका नाम मांगेराम बताया गया है।
हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा संपन्न होने के बाद एक पक्ष के दो गुटों में खूनी संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई है।
मृतकों के नाम आनंद पुत्र लक्ष्मीकांत उम्र 28 वर्ष व मांगेराम, निवासीगण बिनारसी, भगवानपुर, हरिद्वार बताए गए हैं। जबकि विकास पुत्र लक्ष्मीकांत उम्र 25 वर्ष, योगेंद्र उम्र 27 वर्ष, निवासीगण बिनारसी, भगवानपुर, हरिद्वार घायल हुए हैं।
बिनारसी गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस अफसरों ने गांव के लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है। बवाल के बाद पुलिस ने गांव के 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। एक पक्ष की ओर से आठ लोगों के खिलाफ हत्या बलवा और आगजनी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से 18 लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गांव में बड़ी संख्या में पीएसी तैनात है। अधिकतर लोग पुलिस के डर की वजह से अपने घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
