प्रयागराज, 09 अप्रैल (हि.स.)। डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से इस अवसर पर प्रयागराज जिले में सेक्टर स्तर पर गोष्ठियां, बैठक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही होर्डिंग, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचार अभियान भी चलाया जा रहा है। यह जानकारी गुरुवार को सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने पत्रकारों को दी।

उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सभी जिला और महानगर अध्यक्षों को पत्र जारी कर बूथ एवं सेक्टर स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर
जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव, यमुनापार पप्पू लाल निषाद और महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठकों में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर ली गई है।
सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने आगे बताया कि बाबा साहब की जयंती को “संविधान बचाओ संकल्प दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। 14 अप्रैल को सुबह 10 बजे हाईकोर्ट चौराहे पर स्थित डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद 11 बजे जॉर्ज टाउन स्थित जिला कार्यालय में स्थापित “संविधान मान स्तम्भ” पर श्रद्धांजलि और गोष्ठी का आयोजन होगा।
इसके अलावा जिले की सभी विधानसभाओं में सेक्टर स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी की तीनों इकाइयों की बैठकों में विधायक, पूर्व विधायक, ब्लॉक प्रमुख, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और सभी फ्रंटल संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम को प्रभावी बनाने और आम जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए विधानसभा स्तर पर भी लगातार बैठकें की जा रही हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
