नोट: यह खबर दल के नाम में बदलाव के बाद फिर से जारी की गई है।

गुवाहाटी, 04 मार्च (हि.स.)। असम में चुनावी सरगर्मी के बीच राइजर दल आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगा। यह जानकारी पार्टी अध्यक्ष अखिल गोगोई ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी।

गोगोई ने बताया कि पार्टी चरणबद्ध तरीके से 12 से 15 उम्मीदवारों की घोषणा करने की तैयारी में है। पहली सूची गुवाहाटी स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी समीकरण और स्थानीय जनसमर्थन को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों का चयन कर रही है।
इधर, मार्घेरीटा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। यहां राइजर दल के संभावित उम्मीदवार राहुल छेत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतीक बरदलै को खुली चुनौती दी है।
छेत्री ने आरोप लगाया कि प्रद्युत बरदलै ने मानो जन्मदिन के उपहार की तरह इस सीट को अपने पुत्र को सौंप दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मार्घेरीटा सीट से निश्चित रूप से चुनाव लड़ेंगे और आगामी चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को कड़ी टक्कर देंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राइजर दल की पहली सूची जारी होने के साथ ही राज्य में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा।————-
हिन्दुस्थान समाचार
