रायपुर, 23 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं बोर्ड की हिंदी विषय की परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। बोर्ड ने यह फैसला परीक्षा से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर लीक हुए प्रश्न पत्र के बाद लिया है।

शिक्षा मंडल के सचिव ने आज जानकारी दी है कि छात्रों की सुविधा के लिए नया टाइम टेबल भी जारी कर दिया है, जिसके अनुसार अब हिंदी की परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। पेपर लीक होने की वजह से प्रदेश भर में छात्रों के बीच चिंता और भारी रोष देखा जा रहा था।
उल्लेखनीय है कि 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और कुछ समाचार पत्रों में हिन्दी विषय के सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र लीक होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए साइबर थाने में लिखित सूचना दी गई। सिटी कोतवाली में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई।
इसके बाद मंडल की परीक्षा समिति की बैठक 23 मार्च 2026 को आयोजित की गई, जिसमें जांच के आधार पर परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
शिक्षा विभाग ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और साइबर सेल उन ग्रुप्स की पहचान कर रही है जहां से पेपर वायरल हुआ था।अब इस अचानक आए फैसले से छात्र और अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया है, क्योंकि सत्र के अंतिम दौर में दोबारा परीक्षा की तैयारी करना विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी चुनौती होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
