
पश्चिम मेदिनीपुर, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के गोआलतोड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि उसका हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना राज्य मार्ग पर उस समय हुई जब लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। मृतक की पहचान शमिक दीगर के रूप में हुई है, जो गड़बेता के राधानगर का निवासी बताया जा रहा है। वहीं दुर्घटना में घायल हेल्पर की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लकड़ी के लट्ठों से भरा ट्रैक्टर अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क के बीचों-बीच पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही चालक और हेल्पर लकड़ी के मोटे लट्ठों तथा वाहन के नीचे दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोआलतोड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से और जेसीबी मशीन मंगवाकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को भारी लकड़ी के लट्ठों के दबाव से बाहर निकाला गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ट्रैक्टर में लकड़ी अधिक मात्रा में लदी होने तथा संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
