पलामू, 07 अप्रैल (हि.स.)। पलामू जिले में मंगलवार देर शाम दो सड़क हादसे हुए, जिससे महिला सहित दो की मौत हो गयी, जबकि पांच जख्मी हो गए। सभी को इलाज के लिए मेदिनीनगर के निजी एवं सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल, जबकि एक घटना पांकी थाना क्षेत्र के सगालीम बाजार में हुई। पुलिस जांच में जुटी है।

सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव के पास नेशनल हाईवे 39 पर मंगलवार शाम दो कारों की आमने-सामने टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों के चालक सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान रांची आजाद बस्ती फूलबगान निवासी नाहिद प्रवीण के रूप में हुई है।
घायलों में राजू उर्फ फरहान खान (40), इसरत परवीण (50), अफजल खान, कौशर खान, चालक मोहम्मद सुलतान आलम (सभी रांची) तथा दूसरे कार के चालक आफताब अंसारी (25), निवासी चांदो गांव, चैनपुर शामिल हैं। इसरत परवीण की हालत नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज डा. राहुल अग्रवाल के अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग रांची लौट रहे थे, तभी पोलपोल गांव के समीप दोनों कारों की टक्कर हो गई। चैनपुर के शाहपुर नई मोहल्ला में शादी की बातचीत करने के लिए रांची से लोग पहुंचे थे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नाहिद परवीण को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने रात 8 बजे बताया कि घायल को इलाज के लिए पुलिस वाहन से एमएमसीएच में भेजा गया। पूरे मामले में जांच की जा रही है।
दूसरी घटना में पांकी थाना क्षेत्र के कोनवाई गांव निवासी अशोक प्रसाद सोनी के पुत्र रोशन कुमार सोनी (22) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे वह बाइक से सगालिम बाजार गया था। लौटने के दौरान रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर एक अज्ञात बाइक से हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद घायल रोशन को मेदिनिराय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की एएसआई सुशीला टीयू और जवान महेंद्र कुमार पहुंचे तथा मामले की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
