नोएडा, 28 जनवरी (हि.स.)। थाना फेस -2 क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना फेस -2 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि महेश प्रसाद उम्र 40 वर्ष बीती रात को सेक्टर 81 के पास पैदल जा रहे थे, तभी एक अज्ञात कार चालक ने तेजी से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में वह उछलकर सड़क किनारे लगे डिवाइडर से जा टकराये। उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए भंगेल स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि गेझा गांव के पास बीती रात को पैदल जा रहे एक 32 वर्षीय अज्ञात युवक को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी । अत्यंत गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
