सतना, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांधा में सोमवार रात पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद परिवार ने खाने में जहर मिलाकर खा लिया। इस घटना में छह साल के बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन साल के बेटे और दंपत्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बांसा निवासी कुंदन शर्मा और उनकी पत्नी ज्योति शर्मा के बीच सोमवार रात करीब 7 बजे किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद पत्नी ने खाना बनाया। बताया जा रहा है कि ज्योति शर्मा ने खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया। पहले दोनों बच्चों को वही खाना खिलाया गया। इसके बाद ज्योति शर्मा ने खुद भी खाया और बाद में कुंदन शर्मा ने भी वही भोजन कर लिया। कुछ देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसी दौरान परिवार का छोटा बेटा अभिषेक शर्मा (करीब 3 साल) किसी तरह घर से निकलकर पड़ोसियों के पास पहुंचा रोते हुए उसने घर में सभी के बीमार होने की बात कही। पड़ोसी तुरंत घर पहुंचे तो देखा कि कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा और बड़ा बेटा आकाश शर्मा (6 साल) अचेत पड़े थे।
ग्रामीणों की मदद से सभी को तुरंत इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान छह वर्षीय बेटे आकाश शर्मा की मौत हो गई। जबकि कुंदन शर्मा, ज्योति शर्मा और छोटा बेटा अभिषेक की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण यह कदम उठाया गया होगा। हालांकि, घटना की असली वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
