द केरला स्टोरी 2 की नायिका ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण पर महेंद्र प्रताप से की चर्चा

मूल गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण की जताई कामना
मथुरा, 14 मार्च (हि.स.)। द केरला स्टोरी 2 की नायिका उल्का गुप्ता ने शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के हिंदू पक्षकार तथा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की। स्थानीय एक होटल में हुई इस मुलाकात के दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान उल्का गुप्ता ने कहा कि सनातन धर्म के लिए कार्य करने वाले लोग सच्चे शूरवीर होते हैं। उन्होंने महेंद्र प्रताप सिंह के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ठाकुर जी उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की प्राकट्य भूमि के मूल गर्भगृह स्थल पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए शक्ति प्रदान करें। उन्होंने इस संघर्ष में अपना समर्थन भी जताया। महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने उन्हें बताया कि ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को तोड़कर औरंगजेब ने वहां मस्जिद का निर्माण कराया था। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि सनातन आस्था का मूल केंद्र है और इससे समाज का गहरा भावनात्मक संबंध है। इस विषय के समाधान के लिए 23 दिसंबर 2020 को न्यायालय में वाद दायर किया गया, जिसके बाद यह मुद्दा व्यापक जनचर्चा का विषय बन गया।
उन्होंने यह भी बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के साथ-साथ आगरा की जामा मस्जिद में लगाए गए भगवान के विग्रहों को वापस लाने के लिए भी हाईकोर्ट में मुकदमा लड़ा जा रहा है। दोनों मामलों में न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वे न्यायालय में मुकदमा लड़ने के साथ-साथ जनजागरण अभियान भी चला रहे हैं। देश-विदेश में संगठन विस्तार के माध्यम से इस विषय को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है।
द केरला स्टोरी 2 की नायिका उल्का गुप्ता ने कहा कि सनातन की रक्षा और मजबूती के लिए ही फिल्म बनाई है। इससे पहले वह झांसी की रानी में अभिनय कर चुकी हैं और उनको झांसी की रानी के रूप में भी उनको जाना जाता है। उन्होंने महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट को सच्चा शूरवीर बताते हुए कहा कि वह भी उनके साथ खड़ी हैं। इस अवसर पर गोदान फिल्म की गायिका अनन्या सिंह भी मौजूद रहीं। उन्होंने संक्षेप में कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इस विषय पर समाज को जागरूक करना आवश्यक है। मुलाकात के दौरान राजीव शर्मा, इंदिवर कोहली समेत फिल्म सिटी से जुड़े अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
