—पुष्प वर्षा कर, अंगवस्त्रम ओढाकर 1500 मातृशक्ति का किया गया अभिनंदन

—वाराणसी शहर दक्षिणी में आयोजित हुआ मातृशक्ति अभिनंदन
वाराणसी, 26 मार्च (हि.स.)। पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में वर्ष 2017 से शहर दक्षिणी विधानसभा में मातृशक्ति अभिनंदन का कार्यक्रम हो रहा है। इस वर्ष यह कार्यक्रम पिपलानीकटरा स्थित सरोजा पैलेस में वासंतिक चैत्र नवरात्र की महाअष्टमी तिथि पर आयोजित हुआ । जिसमें 1500 से अधिक मातृशक्ति का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने मातृशक्ति को अंगवस्त्रम ओढ़ाया। इसके बाद उनपर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर मातृशक्ति को फलाहार भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत कर शहर दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि इस वर्ष ये 15 वां मातृशक्ति कार्यक्रम हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वर्ष 2017 सें वासंतिक व शारदीय नवरात्र में ये कार्यक्रम हो रहा है। भारतीय सनातन संस्कृति में मातृशक्ति का सर्वोच्च स्थान है। मातृशक्ति जननी भी है और पालन कर्ती भी है।
विधायक ने कहा कि हमारे यहां शक्ति की प्रतीक मातृशक्ति है। वैदिक काल में वेदों की रचना में भी मातृशक्ति का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि देश पर जब भी कोई संकट आता है तब हमारी मातृशक्ति ही हमें संरक्षित करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सभी योजनाओं में मातृशक्ति को केंद्र में रखा है। आज प्रत्येक क्षेत्र में मातृशक्ति सबसे आगे है। काशी में स्थित नवदुर्गा और नव गौरी के अधिकतर मंदिर शहर दक्षिणी विधानसभा में ही आते है।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार महिला सशक्तिकरण का कार्य हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को सम्मान देते हुए मातृ शक्ति वंदन अधिनियम के तहत राजनीतिक क्षेत्र में भी 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून संसद में पारित कराया है। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि मातृशक्ति ही हमें सबकुछ देती है। मां दुर्गा हमें शक्ति देती, मां सरस्वती विद्या देती है तो मां लक्ष्मी हमें धन प्रदान करती है।
इस अवसर पर पूर्व महापौर डॉ मृदुला जायसवाल ने कहा कि कहा कि जहां महिला का सम्मान होता है वहां देवता का वास करते हैं। संचालन नेहा कक्कड़ व धन्यवाद ज्ञापन साधना वेदांती ने किया। कार्यक्रम में मातृशक्ति का अभिनंदन करने वालों में गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल, अशोक चौरसिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, नम्रता चौरसिया, कुसुम पटेल, संतोष सोलापुरकर, साधना वेदांति, शालिनी यादव, रचना अग्रवाल, कनकलता मिश्र, डॉ वीरेंद्र सिंह, आलोक श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी, इंअशोक यादव, नवीन कपूर, अशोक जाटव, बबलू सेठ, राजीव सिंह डब्बू, ताडकेश्वर नाथ गुप्ता,शालिनी यादव, संदीप केशरी, किशोर सेठ आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
