
देवरिया, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के नेतृत्व में रविवार को देवरिया पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

सबसे पहले टीम बरहज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर दिवंगत अधिवक्ता विजेंद्र सिंह के घर पहुंची जिनकी बीते दिनाें जमीनी रंजिश में हत्या कर दी गई थी। सदस्यों द्वारा परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की गई।
सपा नेताओं ने इस मामले में निर्दोष लोगों को फर्जी तरीके से फंसाए जाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम प्रधान राजेश यादव के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इसके बाद टीम देवरिया खास क्षेत्र पहुंची, जहां नगर पालिका द्वारा बनाए गए इंटरलॉकिंग मार्ग को सरस्वती शिशु मंदिर द्वारा बंद किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
तत्पश्चात प्रतिनिधिमंडल देवरिया सदर क्षेत्र के सोपरी बुजुर्ग गांव पहुंचा, जहां कुछ दिन पूर्व गोली मारकर हत्या किए गए पप्पू यादव के परिजनों से मुलाकात की गई। नेताओं ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और न्याय दिलाने की बात कही।
नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ी है और न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा। जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो पार्टी जनपद में बड़ा आंदोलन करेगी।
इस दौरान सांसद रमाशंकर राजभर, सांसद रामभुआल निषाद, पूर्व सांसद कनकलता सिंह, पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव, आशुतोष उपाध्याय, मनबोध प्रसाद और अनुग्रह नारायण सिंह ‘खोखा सिंह’ सहित कई नेता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
