औरैया, 07 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शनिवार को सदर तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में किया गया। इसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरण सौंपते हुए नियमानुसार समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार भटकना न पड़े। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाते हुए जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
इस दौरान अटा निवासी रामकिशोर द्वारा वृद्धावस्था पेंशन बंद होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को सात दिन में जांच कर निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं जगजीवनपुर निवासी मनीष कुमार की जल जीवन मिशन के तहत पानी आपूर्ति न होने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को अगले दिन तक कार्यवाही कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया।
इसके अलावा डेरा लक्ष्मणपुर निवासी विक्रम सिंह के भूमि प्रकरण पर तहसीलदार सदर को तीन दिन में निस्तारण के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस पर कुल 152 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 13 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अजय आनन्द वर्मा, एसडीएम न्यायिक कमल कुमार सिंह, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
