आसनसोल, 11 मार्च (हि. स.)। कुल्टी विधानसभा अंतर्गत नियामतपुर के शालकालानी इलाके में बुधवार को आसनसोल सब डिविजनल एससी एसटी सेल के बैनर तले आदिवासी समुदाय के लोगों ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित तौर पर अपमान के विरोध में जीटी रोड को जाम कर प्रदर्शन किया।

आसनसोल सब डिवीजन एसटी एससी सेल उपाध्यक्ष सत्यजीत दास ने कहा कि जिस तरह से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया गया। वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी तृणमूल नेता अखिल गिरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया था। बार-बार तृणमूल द्वारा आदिवासी समुदाय की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया जा रहा है। इसके खिलाफ बुधवार को रोड जाम किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हाल ही में कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुई थीं, लेकिन उस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अनुपस्थिति को लेकर कई सवाल उठे। इस घटना से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान हुआ है, जिसे लेकर आदिवासी समाज में नाराजगी देखी जा रही है। इस पथावरोध के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुयी। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान की रक्षा की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी भी की।
उल्लेखनीय है कि आदिवासी समुदाय के लोग अपने समाज की पहली राष्ट्रपति के सम्मान को लेकर काफी भावुक और संवेदनशील हैं। इस विरोध प्रदर्शन से पहले आदिवासी समुदाय के लोगों ने शालकालानी इलाके में महान आदिवासी नायक सिधु-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी लोग संगठित होकर जीटी रोड पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू किया। —————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
