मुरादाबाद, 28 जनवरी (हि.स.)। सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र रामगंगा विहार में बुधवार को सांगीतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत, उप-शास्त्रीय संगीत एवं देशभक्ति गीतों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य दीपेन्द्र कांत एवं केन्द्र व्यवस्थापक संगीता सिक्का व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। सांगीतिक प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि मीरा शर्मा, विशिष्ट अतिथि निमित जायसवाल, संगीत शिक्षक नितिन शर्मा, प्रिया शर्मा, नवीन कुमार, मानवी दिवाकर के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संगीत के प्रति रुचि विकसित करना तथा भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा से उन्हें परिचित कराना था। प्रतिभागियों ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं एवं निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों के आत्मविश्वास, संगीत साधना एवं मंचीय प्रस्तुति की सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया। बच्चों ने शास्त्रीय संगीत गायन एवं कथक की विशेष प्रस्तुतियां पेश की।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
