सागर, 09 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने अपनी सोशल मीडिया टीम को और अधिक प्रभावी और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कई नई नियुक्तियां की हैं। इसी क्रम में सागर जिले के जिला सोशल मीडिया संयोजक अंशुल सिंह परिहार को पदोन्नत करते हुए उन्हें संभागीय सोशल मीडिया प्रभारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन द्वारा यह दायित्व सौंपे जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिल रहा है।

अंशुल सिंह परिहार लंबे समय से संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं और डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी की नीतियों, विचारधारा तथा सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सोशल मीडिया के क्षेत्र में उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकुशलता को देखते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने अंशुल सिंह परिहार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अंशुल परिहार लंबे समय से जमीनी स्तर पर संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी के साथ अंशुल संभाग स्तर पर सोशल मीडिया टीम को और अधिक सशक्त बनाने में सफल होंगे।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए अंशुल सिंह परिहार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे तथा सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
अंशुल परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है। इसके जरिए संगठन की विचारधारा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि संभाग स्तर पर सोशल मीडिया टीम को और अधिक सक्रिय बनाते हुए पार्टी की नीतियों को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाया जाए।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन के अनुसार अंशुल परिहार की इस नियुक्ति पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से चेतराम अहिरवार (जिला महामंत्री), विक्रम सोनी (जिला उपाध्यक्ष), अमित वैशाखिया (मंडल अध्यक्ष), प्रासुक जैन (प्रदेश सह-संयोजक), जय सोनी (सोशल मीडिया सह-प्रभारी), राहुल नामदेव (पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री) तथा नितिन सोनी (युवा मोर्चा जिला महामंत्री) शामिल रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे
