सिरसा, 11 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र में नशा तस्करों पर प्रहार करते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार कर करीब एक करोड़ 14 लाख रुपये की हेरोइन व अफीम बरामद की है। तस्कर पंजाब से नशा लाकर सिरसा जिला में सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस टीमों ने आधा किलोग्राम हेरोइन व दो किलो 754 ग्राम अफीम बरामद की है।

कालांवाली के डीएसपी संदीप धनखड़ ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि सीआईए स्टाफ कालांवाली प्रभारी सुरेश कुमार टीम के साथ गश्त पड़ताल के दौरान डबवाली से कालांवाली रोड भारतमाला पुल क्षेत्र में मौजूद थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पंजाब निवासी जगमीत सिंह, भगवान सिंह व मलकीत सिंह हेरोइन बेचने का काम करते हैंं जो कि कार में सवार होकर गांव सालमखेड़ा की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने सूचना पर डबवाली से कालांवाली रोड भारतमाला पुल के नीचे नाकाबंदी कर बठिंडा की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी, पुलिस ने शक के आधार पर कार को रोका और तलाशी ली तो कार से 503 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में तस्करों की पहचान जगमीत सिंह, मलकीत सिंह व भगवान सिंह के रूप में हुई।
डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि इसके अलावा पुलिस ने बठिंडा निवासी दीपा सिंह को दो किलो 754 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दीपा सिंह मंडी कालांवाली क्षेत्र में अफीम की सप्लाई करता है आज भी टे्रन से मंडी कालांवाली में आएगा। पुलिस ने सूचना के आधार पर तख्तमल फाटक नाकाबंदी शुरू की। इसी दौरान एक युवक हाथ मे एक अटैची पकड़े हुए तख्तमल रोड आता दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से अफीम बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान गहनता से पूछताछ कर इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
