सिलीगुड़ी, 18 मार्च (हि.स.)। आगामी चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर पूरे पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत सिलीगुड़ी शहर और आसपास के इलाकों में बुधवार को व्यापक नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

सिर्फ सिलीगुड़ी ही नहीं, बल्कि राज्यभर के प्रमुख एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। शहर के महत्वपूर्ण सिलीगुड़ी जंक्शन, दार्जिलिंग मोड़, पानीटंकी मोड़ सहित शहर के एग्जिट प्वाइंट्स पर विशेष सतर्कता देखने को मिली, जहां चारपहिया समेत सभी वाहनों को रोककर सघन जांच की जा रही है। तलाशी के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं कोई अवैध नकदी, शराब, हथियार या अन्य संदिग्ध सामग्री तो नहीं ले जाई जा रही है।
इस अभियान का नेतृत्व पानीटंकी आउटपोस्ट के प्रभारी निर्मल दास ने किया। उनके साथ स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) के सदस्य और चुनाव आयोग के अधिकारी भी मौजूद है। प्रशासन ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की सख्त नाका चेकिंग जारी रहेगी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
