वाराणसी, 14 मार्च(हि. स.)। वाराणसी में बांसफाटक स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के अन्न क्षेत्र को सिलेंडर की कमी के कारण शनिवार को बंद रखा गया। वहीं, कालिका गली वाले अन्न क्षेत्र में प्रसाद वितरण हुआ और बांसफाटक अन्न क्षेत्र पहुंचे श्रद्धालुओं को कालिका गली भेज दिया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि भारत में सिलेंडर की कमी को जल्द दूर किया जाना चाहिए। सिलेंडर पर बनने वाले भोजन प्रसाद का कार्य रुकना नहीं चाहिए।

वहीं, एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण शहर में कई नामचीन रेस्टोरेंटों में पकाने का कार्य नहीं हुआ। बनारस की गलियों में कचौड़ी नहीं बनी तो प्रसिद्ध केरला कैफे रेस्टोरेंट में डोसा सांबर, इडली बड़ा खाने पहुंचे लोगों को मायूसी हाथ लगी।
बनारसी कचौड़ी के मालिक दीपक ने बताया कि दो दिनों से सिलेंडर की कमी है और ऊंचे मूल्य पर सिलेंडर मिल रहे हैं। इस कारण से कचौड़ी सब्जी और जलेबी बनाने का कार्य बंद किया गया है। सुबह सवेरे आने वाले लोगों को वापस करना पड़ा है। बढ़ी कीमतों के साथ सिलेंडर खरीदने से व्यापार में मुनाफा होना संभव नहीं है। भेलूपुर स्थित केरला कैफे रेस्टोरेंट में पहुंचे दक्षिण भारतीय परिवार के सदस्यों ने बताया कि वाराणसी में केरला कैफे प्रसिद्ध है, आज उन्हें सुबह यहां आने पर रेस्टोरेंट बंद मिला, जिसके कारण बड़ी मायूसी हाथ लगी है।
शनिवार को गौदोलिया क्षेत्र में वाराणसी के कुछ बड़े होटलों के रेस्टोरेंट भी पूरी तरह से बंद मिले। वहां पर ठहरे यात्रियों को बाहर से भोजन करने की व्यवस्था कराई गई।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
