रांची, 25 मार्च (हि.स.)। सीबीआई रांची ने रेलवे के चीफ कॉमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सीबीआई से ठेकेदार अजय त्यागी ने लिखित शिकायत की थी कि उसका 8.50 लाख रुपये का बिल बकाया है। इस बिल के भुगतान के लिए चीफ कॉमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर 50 हजार रुपये घूस मांग रहा है। वह इस रकम में सीनियर डीसीएम की हिस्सेदारी होने की भी बात कर रहा है। सीबीआई ने इस शिकायत की जांच की।
जांच के दौरान शिकायत सही पाये जाने के बाद सीबीआई ने बुधवार को सुनियोजित योजना के तहत हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई अधिकारियों ने शिकायत और अन्य स्रोतों से मिली सूचना के आधार पर सीनियर डीसीएम सूची सिंह से भी पूछताछ की ।
इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि जांच के दौरान और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं। सीबीआई फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस भ्रष्टाचार के मामले में और कौन-कौन शामिल हैं।
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
इस बीच सीबीआई ने आम लोगों से केंद्रीय कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार और घूस मांगने वाले अधिकारियों के खिलाफ तुरंत शिकायत करने की अपील की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
