नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में जींस कारोबारी तारिक हसन (36) की गोली मारकर हत्या करने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में छेनू गैंग के शूटर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान अबीर उर्फ साबिर उर्फ पोपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया है कि रुपयों के लेनदेन में उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपित अबीर के खिलाफ मेकाका, हत्या के प्रयास, लूटपाट समेत कुल 26 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। शुरुआत में आरोपित ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गलती से गोली चलने की बात बताई थी।

उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बुधवार काे बताया कि तारिक परिवार के साथ चांद मोहल्ला, गोकुलपुरी में रहता था। इसके परिवार में पिता कैसर हसन, भाई शारिक हसन, पत्नी व दो बच्चे हैं। तारिक का जींस का बड़ा कारोबार है। इनकी करोल बाग इलाके में दुकान है। मंगलवार को इनके दोस्त के पिता मंजूर अहमद की मौत हो गई थी। दोपहर के समय वह अपने दोस्तों के साथ मंजूद अहमद को दफनाने के लिए कब्रिस्तान गए थे। वहां से लौटते समय तारिक दोस्त सद्दाम के साथ के-ब्लॉक सीलमपुर में एक बिरयानी की दुकान पर पहुंचे। खाना खाने के बाद वह दुकान के भीतर ही हाथ धो रहे थे। इस बीच पीछे से उनकी कमर में गोली मार दी गई।

दोस्त सद्दाम तारिक को जीटीबी अस्पताल ले गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। शुरुआत में पता नहीं चल रहा था कि तारिक को किसने और क्यों गोली मारी। लोकल इंटेलिजेंस व सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपित की पहचान हुई। बुधवार को पुलिस ने अबीर को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने रुपयों के लेनदेन में हत्या करने की बात कबूल की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
