सीवान, 07 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र में शुक्रवार की मध्यरात्रि सड़क हादसे में पुलिस गश्ती दल की थार गाड़ी पलट गई। घटना में सब इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक जवान बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार जीरादेई थाने के खरगी रामपुर गांव के समीप तिराहे पर रात करीब साढ़े बारह बजे गश्ती दल की थार गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक पिकअप वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना में पूर्वी चंपारण के अमुआ निवासी राम निवास जायसवाल के पुत्र सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार, जीरादेई थाना के चालक सुरेश कुमार तथा गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के काला डुमरा गांव निवासी गृह रक्षक बल के जवान अशोक कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गाड़ी में सवार एक अन्य जवान नंदलाल को खरोंच तक नहीं आई।
सूचना मिलने पर जीरादेई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि वे लोग रात में गश्त के दौरान खरगी रामपुर तिराहे पर गाड़ी खड़ी कर चौकसी कर रहे थे। तभी पीछे से तेज गति में आए पिकअप ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। गाड़ी पलटने के बाद उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर चालक और जवान को गाड़ी से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई है।
हालांकि घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं भी सुनने को मिल रही हैं, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पिकअप वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
