सीवान, 26 फ़रवरी (हि.स.)।सीवान जिले की किशोरियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का मजबूत आधार देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है। 28 फरवरी, शनिवार को एचपीवी गार्डासिल वैक्सीन टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ होगा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टू-वे कम्युनिकेशन के जरिए इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ करेंगे।

जिले में कार्यक्रम की शुरुआत सदर अस्पताल, सीवान से की जाएगी, जहां पहले दिन 50 बालिकाओं को एचपीवी गार्डासिल का टीका लगाया जाएगा। यह टीका 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को दिया जाएगा।

अभिभावक की सहमति अनिवार्य
टीकाकरण के लिए बालिकाओं को अपने अभिभावक का लिखित सहमति पत्र तथा जन्म तिथि प्रमाण के रूप में आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे आगे बढ़कर इस अभियान में सहयोग करें और अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण कराएं।
20,880 बालिकाओं को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में जिले के सभी 19 प्रखंडों के पीएचसी, सीएचसी, रेफरल अस्पतालों के साथ महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल एवं सदर अस्पताल में टीकाकरण किया जाएगा।
पहले चरण में 20,880 बालिकाओं को टीका देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे तीन माह के भीतर पूरा किया जाएगा।
कैंसर से बचाव की मजबूत ढाल
एचपीवी गार्डासिल वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर सहित एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करती है। विशेषज्ञों के अनुसार किशोरावस्था में लगाया गया यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है।यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि “बेटी बचाओ, बेटी स्वस्थ बनाओ” के संकल्प को भी मजबूत करता है। जिले में इस ऐतिहासिक शुरुआत को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है और इसे जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की गई
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
