मुंबई, 10 फरवरी (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के पदभार संभालने के बाद एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि सुनेत्रा काकी को जल्द एनसीपी (एपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी संभालनी चाहिए।

रोहित ने कहा कि मैं सुनेत्रा काकी को उसी कुर्सी पर बैठा देख रहा हूं, जहां अजित दादा आम जनता को इंसाफ देते थे। मुझे खुशी और दुख दोनों का मिला-जुला एहसास हो रहा है। अजीत दादा की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। लेकिन सुनेत्रा पवार छत्रपति शिवाजी-फुले-शाहू-आंबेडकर की सोच के साथ काम करेंगी। आम आदमी और राज्य में विकास को अपना लक्ष्य बनाएंगी।

रोहित के अनुसार उपमुख्यमंत्री पद के साथ सुनेत्रा काकी को जल्द पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभालनी चाहिए। हालांकि कुछ नेता ऐसा नहीं चाहते, लेकिन यह राज्य भर के लाखों कार्यकर्ताओं की उम्मीद है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
