मुंबई, 10 फरवरी (हि.स.)। सुनेत्रा पवार ने बतौर उपमुख्यमंत्री मंगलवार को पदभार संभाल लिया। मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक में हिस्सा लेने के साथ ही उन्होंने पार्टी दफ्तर में पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विलय की चर्चाओं के बीच पार्टी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक अहम मानी जा रही है। एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार भी पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे और पार्टी विलय के बारे में अहम खुलासे करने वाले हैं। अगले दो दिनों में दिल्ली में भी केंद्रीय अमित शाह के साथ बैठक होने वाली है। शरद पवार और अजित पवार की एनसीपी के विलय की चर्चा पिछले कुछ दिनों से चल रही है। चर्चा है कि 12 फरवरी को फैसले की अधिकृत घोषणा हो सकती है। सुनेत्रा पवार को एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की भी प्रक्रिया चल रही है। कई पार्टी विधायक सुनेत्रा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे हैं।

मंत्रालय जाने से पहले सुनेत्रा पवार ने सिद्धिविनायक और चैत्यभूमि जाकर माथा टेका। उसके बाद उन्होंने विधान भवन में छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति का अभिवादन किया और मंत्रालय में अपने कार्यालय में जाकर पदभार संभाला। इस मौके पर एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे, मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। पदभार संभालने के बाद सुनेत्रा पवार भावुक भी हो गईं। सुनेत्रा ने कहा कि अजित दादा की जगह कोई नहीं ले सकता। मैं उनके विचारों, उनके काम की विरासत को बचाने और एक ज्यादा काबिल, विकसित महाराष्ट्र बनाने की ईमानदारी से कोशिश जरूर करूंगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
