सुपौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शिक्षकों की अनुपस्थिति, छात्रों की कम उपस्थिति तथा ई-शिक्षा कोष पर नियमित हाजिरी नहीं बनने जैसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

इसी क्रम में सदर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, लौकहा के पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार भारती को कर्तव्य में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में बीपीएससी से चयनित नए प्रधानाध्यापक ने विधिवत योगदान दे दिया था। इसके बावजूद राकेश कुमार भारती द्वारा लंबे समय तक विद्यालय का प्रभार हस्तांतरित नहीं किया गया। इस संबंध में विभाग द्वारा स्पष्टीकरण भी मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर न तो प्रभार सौंपा गया और न ही स्पष्टीकरण का जवाब दिया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा यह कार्रवाई की गई। विभाग ने उक्त कृत्य को मनमानी, आदेश की अवहेलना तथा कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए निलंबन का आदेश जारी किया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, सरायगढ़ निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही विभाग द्वारा अलग से आरोप पत्र निर्गत किए जाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अनुशासनात्मक सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
