-डीसी आयुष सिन्हा ने किया दौरा, जांच के लिए 8 सदस्यीय कमेटी गठित

फरीदाबाद, 08 फरवरी (हि.स.)। सूरजकुंड मेला में झूला टूटने से हुए हादसे के आठ घायलों को उपचार के बाद रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि चार घायलों का इलाज अभी चल रहा है। रविवार को उपायुक्त आयुष सिन्हा व पर्यटन विभाग के एमडी पार्थ गुप्ता ने सूरजकुंड स्थित सुप्रीम अस्पताल में पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली । इस हादसे में 12 व्यक्ति घायल हुए थे, जिनकी स्थिति सामान्य है।जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि सुप्रीम अस्पताल में भर्ती आठ घायलों में से चार मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि शेष चार का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। इसके अतिरिक्त बीके सिविल अस्पताल में भर्ती चार घायलों को भी उपचार उपरांत छुट्टी दे दी गई है। घायलों में महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम फरीदाबाद पुलिस, महिला सिपाही शर्मिला, पुलिस लाइन फरीदाबाद, राजेश एसपीओ थाना एसजीएम नगर, हर्ष प्रकाश निवासी ग्रेटर नोएडा, प्रशांत निवासी दिल्ली, अमीषा निवासी सूर्य विहार पार्ट 2 सेक्टर 91 फरीदाबाद, परविंदर निवासी पहलादपुर नई दिल्ली, सुनील निवासी अकेड़ा थाना महेंद्रगढ़, शिवानी निवासी नोएडा 78 , बलबीर वास सुल्तानपुर, अनुज निवासी शेरपुर कासगंज उत्तर प्रदेश (डिस्चार्ज, पूजा निवासी बहादुरपुर फरीदाबाद (डिस्चार्ज ) के नाम शामिल है।
डीसी ने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी घायलों का हर घंटे अपडेट लिया जा रहा है और घायलों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वह स्वयं देर रात घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात के बाद सुबह फिर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचे है। इस दौरान एडीसी सतबीर मान, डीसीपी एनआईटी मकसूद अहमद मौके पर मौजूद रहे। इसके उपरांत डीसी आयुष सिन्हा, मेला एमडी पार्थ गुप्ता व एडीसी सतबीर मान रविवार को सूरजकुुंड मेला परिसर पहुंचे और वहां का जायजा लिया। मेले के एमडी पार्थ गुप्ता का कहना है कि प्रशासन द्वारा आठ सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो कि इस घटना की जांच करेगी और जो कमी रही, रिपोर्ट आने के बाद उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल मेले में झूला परिसर बंद रहेगा और बाकि मेला पहले की भांति चलता रहेगा। वहीं एडीसी सतबीर मान ने बताया कि प्रशासन द्वारा बनाई गई कमेटी हर पहलु पर जांच करेगी, फिर चाहे वह वेंडर हो या फिर टैक्नीकल, हर पहलु को ध्यान में रखा जाएगा। जल्द ही जांच रिपोर्ट समिट कर दी जाएगी।
—-
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर
