चित्तौड़गढ़, 09 फ़रवरी (हि.स.)। शहर कोतवाली एवं सदर थाना इलाके में स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर गत दिनों हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस संबंध में एक आरोपित को बूंदी से पकड़ा है, जिसने वारदात करना कबूल किया है। पुलिस आरोपित से नकदी बरामद के प्रयास में जुटी है। आरोपित से चोरी की और भी वारदात खुलासे की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मधुवन निवासी आशीष पुत्र अशोक कुमार विराणी का निम्बाहेड़ा रोड़ पर श्री नाकोडा इन्टरप्राईजेज के नाम से प्रतिष्ठान हैं। यहां गत 04 फरवरी की रात्रि को अज्ञात व्यक्ति दुकान की प्रथम मंजिल पर शीशा तोड कर गल्ले से नगदी चुरा कर ले गया था। इस संबंध में प्रकरण दर्ज किया गया। उसी रात को बदमाशो ने अन्य दुकानों को निशाना बना कर सेंध लगा चोरी की थी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं वृताधिकारी बृजेश सिंह के सुपरविजन में नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए टीम गठित की गई। विशेष टीम में थानाधिकारी सदर चित्तौड़गढ़ प्रेमसिंह व कोतवाली सीआई तुलसीराम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इस टीम ने वारदात स्थल के आस-पास लगे सीसी टीवी कैमरों की गहनता से जांच की। संदिग्धों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस जांच में राजस्थान लोक परिवहन बस के चालक से एक सूचना मिली कि एक व्यक्ति चित्तौड़गढ़ रोजवेज बस स्टैण्ड के बाहर से बस में बैठा ओर संदिग्ध व्यक्ति बूंदी बस स्टैंड के बाहर उतरा है। टीम ने बूंदी पहुंच सूचना का संकलन किया गया। टीम ने प्रयास कर मनीष यादव पुत्र लक्ष्मी प्रसाद यादव निवासी जेडीए कोलोनी थाना गडा जिला जबलपुर हाल नेनपुरा थाना चागुटोला जिला बालाघाट मध्यप्रदेश को कोटा रेलवे स्टेशन से डिटेन किया। इसे पूछताछ के गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने शहर में घटित नकबजनी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी के कब्जे से नकबजनी में प्रयुक्त उपकरण एवं चोरी किए गए माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ जारी है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना है। आरोपी ने 05 फरवरी को नई पुलिया स्थित हलचल शोरूम मे रात्रि मे चोरी करना कबूल किया है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल
