सोनभद्र, 31 जनवरी (हि.स.)। रेणुकूट–बीजपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार शाम से लगा भीषण जाम अब 26 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नहीं खुल सका है। समय के साथ हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते जा रहे हैं। जाम की लंबाई अब 7 किलोमीटर से भी अधिक हो चुकी है और सैकड़ों भारी वाहन सड़क पर थमे हुए हैं।

दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने के लिए हिंडाल्को और रेणुकूट से दो हैवी क्रेन मौके पर पहुंच चुकी हैं। क्रेन की मदद से ट्रेलर को सीधा करने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन रेल इंजन के भारी फ्रेम और असंतुलित स्थिति के कारण ऑपरेशन बेहद जटिल बना हुआ है। मौके पर घंटों तक मशक्कत होती रही, पर अब तक ट्रेलर को पूरी तरह सड़क से हटाया नहीं जा सका है।
इस बीच जाम लगातार फैलता जा रहा है। भारी वाहनों की कतारें किलोमीटरों तक बढ़ चुकी हैं। ट्रक चालक दूसरी रात भी सड़क पर बिताने को मजबूर हैं। पानी, भोजन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अब भी अभाव बना हुआ है, जिससे चालकों की परेशानी और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
स्थिति को संभालने में प्रशासन बेबस और असहाय नजर आ रहा है। इतने लंबे समय बाद भी मार्ग पूरी तरह बंद रहने से औद्योगिक क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यदि क्रेन ट्रेलर को सीधा करने में सफल हो जाती है, तो कुछ घंटों में मार्ग सामान्य हो सकता है, लेकिन फिलहाल यह केवल उम्मीद भर ही नजर आ रही है।
वैकल्पिक मार्गों से बसों और कुछ वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है, लेकिन इससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी, समय और ईंधन खर्च करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यदि जल्द ठोस समाधान नहीं हुआ, तो स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी
