वायुगुणवत्ता प्रबंंधन आयोग के निर्देशा पर खरखौदा में कार्रवाई

सोनीपत, 26 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत

जिला प्रशासन ने खरखौदा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक
इकाइयों के विरुद्ध गुरुवार को कार्रवाई की। वायु गुणवत्ता प्रबंंधन आयोग के निर्देशानुसार
25 अवैध मेटल स्क्रैप मेल्टिंग भवन संरचनाओं को ध्वस्त किया गया तथा 11 इकाइयों के
बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए।
यह कार्रवाई
उपायुक्त सुशील सारवान के निर्देश पर गठित समिति द्वारा की गई। समिति की अध्यक्षता
एसएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने की। इसमें खरखौदा के उपमंडल अधिकारी, हरियाणा
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी तथा एसएमडीए की जिला नगर योजनाकार
सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने दिल्ली सीमा से सटे फिरोजपुर बांगर और गढ़ी क्षेत्र
में संयुक्त अभियान चलाया। जांच में सामने आया कि ये सभी इकाइयां अवैध रूप से रात्रि
के समय संचालित हो रही थीं। दिल्ली की ओर से लाया गया वेस्ट स्क्रैप पिघलाकर धातु तैयार
की जा रही थी। इन भट्टियों से निकलने वाला खतरनाक वायु उत्सर्जन क्षेत्र में प्रदूषण
का प्रमुख स्रोत बन चुका था, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़
रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायतों और सीसीटीवी निगरानी के आधार पर भी गतिविधियों की
पुष्टि हुई।
कार्रवाई
के दौरान उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा 11 बिजली कनेक्शन काटे गए, ताकि अवैध
संचालन दोबारा प्रारंभ न हो सके। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने
वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में भविष्य में
भी निरंतर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
