मुंबई, 16 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले स्थित रूपभवानी मंदिर इलाके में सोमवार को सुबह मोटरसाइकिल से जा रहे तीन युवकों को कुचलकर अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। इस घटना में घायल तीनों युवकों की अस्पताल पहुंचाने से पहले ही मौत हो गई। इस घटना की जांच सोलापुर शहर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह नागेश गवंडी, रोहन पोरे और बसवराज चनशेट्टी मोटरसाइकिल से रुपभवानी इलाके से गुजर रहे थे। उसी समय पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन चालक ने तीनों की मोटर साइकिल को टक्कर मार कर कुचल दिया। इसके बाद वाहन चालक फरार हो गया। इस घटना की भनक लगते ही स्थानीय नागरिक मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सोलापुर शहर पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जांच सोलापुर पुलिस सीसीटीवी के सहयोग से कर रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
