जम्मू, 03 मार्च (हि.स.)। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के जम्मू शहर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां 2 टैक्सी चालकों के आपसी विवाद का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाले ऑटो चालक को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार शहर के एक इलाके में 2 टैक्सी ड्राइवरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हो गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक ऑटो चालक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित टैक्सी चालकों ने जम्मू की पुलिस पोस्ट पंजतीर्थी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस की कार्रवाई के बाद ऑटो चालक को बुलाकर पूछताछ की गई।

बताया जा रहा है कि ऑटो चालक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित वीडियो डिलीट कर दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसके परिणामों पर जरूर विचार करें और कानून का उल्लंघन करने से बचें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA
