हरिद्वार, 01 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम रुड़की ने विज्ञापन निविदा की शर्तों का पालन न करने पर एक फर्म को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्टांप ड्यूटी जमा कराने के निर्देश दिए हैं।

सहायक नगर आयुक्त की ओर से जारी नोटिस के अनुसार वर्ष 2024 में निगम सीमा क्षेत्र के 76 यूनिपोल पर विज्ञापन प्रदर्शन के लिए निविदा आमंत्रित की गई थी। तकनीकी एवं वित्तीय प्रक्रिया के बाद संबंधित फर्म की 1 करोड़ 55 लाख 11 हजार रुपये (जीएसटी रहित) की उच्चतम बोली स्वीकृत की गई।
निविदा की शर्तों के तहत स्वीकृत धनराशि का 2 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी के रूप में अनुबंध निष्पादन के समय जमा करना अनिवार्य था, जिसकी कुल राशि 3 लाख 10 हजार 220 रुपये निर्धारित की गई थी। निगम के अनुसार फर्म की ओर से अब तक उक्त राशि जमा नहीं कराई गई है।
नोटिस में कहा गया है कि तीन दिन के भीतर निर्धारित स्टांप ड्यूटी स्टांप पेपर के रूप में जमा कराई जाए। समयसीमा में अनुपालन न होने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित फर्म की होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
