चंडीगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में कोरोना के बाद से लेकर अब तक 17 हजार 973 लोगों की हार्ट अटैक से मौत हुई है। मरने वाले सभी लोगों की उम्र 18 साल से लेकर 45 साल के बीच में थी। हरियाणा सरकार ने बुधवार को विधानसभा में इस संबंध में रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2022 से अब तक हार्ट अटैक से होने वाली मौतों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

बजट सत्र के अंतिम दिन जुलाना की विधायक विनेश फोगाट ने यह सवाल उठाते हुए पूछा कि वर्ष 2020 में कोरोना काल की शुरूआत से लेकर आजतक राज्य में 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के कितने युवाओं की हार्ट अटैक से मौत हुई है। विनेश फोगाट ने सरकार से पूछा कि क्या इस बारे में कोई अध्ययन किया गया है कि इन मौतों का कोविड 19 संक्रमण या कोविड 19 टीकाकरण से कोई संबंध है। इस संबंध में सरकार की तरफ से क्या कार्रवाई की गई है।
विधानसभा में जिस समय विनेश फोगाट का यह सवाल उठा तो वह सदन में नहीं थी। इसके बावजूद सरकार ने रिपोर्ट टेबल करते हुए बताया कि वर्ष 2020 में हार्ट अटैक के कारण 18 से 45 वर्ष की आयु के 2394 लोगों की मौत हुई है। 2021 में कुल 3188, वर्ष 2022 में 2796 युवाओं की मौत हुई है। सरकार द्वारा पेश की गई रिपोर्ट के अनुसार 2023 में 2886, 2024 में 3063, 2025 में 3255 युवाओं की हार्ट अटैक से मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पेश की गई रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष में जनवरी माह के दौरान 391 युवाओं की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। विनेश फोगाट ने सरकार से इस बारे में अध्ययन करवाने को लेकर पूछा तो सरकार ने इस संबंध में इनकार कर दिया कि इन मौतों का कोरोना टीकाकरण से कोई संबंध है। ऐसे में किसी प्रकार सर्वे आदि करवाने की कोई योजना नहीं है।
हरियाणा सरकार द्वारा पेश की गई रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2026 में हार्ट अटैक के कारण सबसे अधिक मौत यमुनानगर जिले में हुई हैं। यहां एक माह के भीतर 71 युवाओं की मौत हो चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक भिवानी जिले में नौ, चरखी दादरी में छह, फरीदाबाद में 43, फतेहाबाद में 30, गुरुग्राम में आठ, झज्जर में 17, जींद में 12, कैथल में 12, करनाल में आठ, कुरुक्षेत्र में 14, नूंह में 36, नारनौल में छह, पंचकूला में 19, पानीपत में पांच, पलवल में 37, रेवाड़ी में 17, सिरसा में 35, सोनीपत में छह तथा यमुनानगर जिले में 71 युवाओं की हार्ट अटैक से मौत हुई है। प्रदेश में रोहतक, हिसार तथा अंबाला में एक माह के भीतर हार्ट अटैक से कोई मौत नहीं हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
