नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। हरियाणा स्टीलर्स हरियाणा भर में युवा कबड्डी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने के उद्देश्य से एक बढ़ते हुए ‘अकादमी इकोसिस्टम’ के साथ अपने जमीनी स्तर के विकास प्रयासों का विस्तार कर रहा है।

इस पहल के हिस्से के रूप में फ्रैंचाइजी ने समर्पित प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए हैं और राज्यभर में लाइसेंस प्राप्त अकादमियों के साथ साझेदारी की है ताकि उभरते खिलाड़ियों के लिए एक व्यवस्थित मार्ग (पाथवे) तैयार किया जा सके।
इन अकादमियों को युवा एथलीटों को प्रोफेशनल कोचिंग, संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम और एक प्रतिस्पर्धी माहौल प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है जो खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास में सहायक हो। अपनी स्वयं की अकादमियों और लाइसेंस प्राप्त पार्टनर केंद्रों के नेटवर्क को जोड़कर, हरियाणा स्टीलर्स एक व्यापक मंच बना रहे हैं जो कई जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने में सक्षम बनाता है।
इस विजन को और मजबूती देते हुए फ्रैंचाइजी ने हरियाणा स्टीलर्स कप (एचएस कप) के शुभारंभ की घोषणा की है। यह एक राज्यव्यापी युवा कबड्डी टूर्नामेंट है जिसका उद्देश्य हरियाणा के उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी अनुभव (एक्सपोजर) प्रदान करना है।
हरियाणा स्टीलर्स और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के सीईओ, दिव्यांशु सिंह ने इस पहल पर कहा, कबड्डी हरियाणा की संस्कृति की जड़ों में है। राज्य की एक फ्रैंचाइजी के रूप में, हम अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी महसूस करते हैं। अपनी अकादमी और पार्टनर अकादमियों के माध्यम से हम युवा एथलीटों के लिए एक मजबूत विकास ढांचा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हरियाणा स्टीलर्स कप का उद्देश्य एक ऐसा मंच देना है जहाँ प्रतिभाएं प्रतिस्पर्धा कर सकें और प्रोफेशनल कबड्डी की ओर अपना पहला कदम बढ़ा सकें। हमारा लक्ष्य न केवल हरियाणा में खेल को बढ़ावा देना है, बल्कि भारत में कबड्डी के भविष्य में योगदान देना भी है।
एचएस कप की पुरस्कार राशि: टूर्नामेंट के लिए कुल ₹5 लाख का प्राइज पूल रखा गया है, जिसमें विजेता टीम को ₹2 लाख, उपविजेता को ₹1 लाख दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक जोनल राउंड की टॉप चार टीमों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही, टूर्नामेंट के ‘सर्वश्रेष्ठ रेडर’ और ‘सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर’ को व्यक्तिगत सम्मान से नवाजा जाएगा।
टूर्नामेंट का कार्यक्रम :
यह टूर्नामेंट 21 से 29 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग में आयु वर्ग 16-20 वर्ष तक रखी गई है।
टूर्नामेंट का आयोजन रोहतक, हिसार और सोनीपत (जोनल मैच) में, जबकि फाइनल ब्रिगेडियर रण सिंह कबड्डी अकादमी, दीघल में खेली जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे
