हुगली, 17 अप्रैल (हि. स.)। जिले के सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार स्वराज घोष की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। तस्वीर में उन्हें कुर्सी पर बैठे हुए हाथ में पिस्तौल लिए देखा जा रहा है, जिसके ऊपर “माटी माफिया” लिखा हुआ है।

इस तस्वीर को लेकर भाजपा उम्मीदवार स्वराज घोष ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि यह तस्वीर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिए तैयार कर सोशल मीडिया पर फैलायी गई है ताकि उनकी छवि खराब की जा सके। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और उसकी सहयोगी संस्था आइपैक इस साजिश के पीछे है। घोष ने बताया कि वे इस मामले में मोगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे।
उन्होंने कहा कि लोगों को इस तरह गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास जो हथियार है, वह वैध लाइसेंस के तहत है और राज्य सरकार द्वारा जारी किया गया है।
दूसरी ओर, माकपा उम्मीदवार और वकील अनिर्बान सरकार ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि तस्वीर वास्तविक है या एआई से बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की तस्वीरों का सोशल मीडिया पर प्रसार सामाजिक और कानूनी दृष्टि से उचित नहीं है और यह साइबर अपराध के दायरे में आ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि तस्वीर कृत्रिम रूप से बनाई गई है, तो संबंधित व्यक्ति को कानून का सहारा लेना चाहिए। उन्होंने उम्मीदवार के हलफनामे में दर्ज आपराधिक मामलों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों की सच्चाई का निर्धारण न्यायालय करेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
