पश्चिमी सिंहभूम, 19 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा में हिंदू जागरण मंच एवं वीरांगना वाहिनी की ओर से हिंदू नव वर्ष के अवसर पर गुरुवार को भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा सुभाष चौक टुंगरी से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री हरि बोल दुर्गा मंदिर में संपन्न हुई।

यात्रा का मार्ग सुभाष चौक टुंगरी से शुरू होकर पोस्ट ऑफिस चौक, बिरसा चौक, शनि मंदिर, बाल मंडली, पुनः पोस्ट ऑफिस चौक, मधुबाजार, शहीद पार्क और सदर थाना होते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचा। शोभा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसे लोगों ने सराहा। यात्रा के समापन पर श्री हरि बोल दुर्गा मंदिर में 21 फीट ऊंची दुर्गा माता की आरती की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में भोग भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की गई।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, हिंदू संगठन के सदस्य, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिलता है। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी ध्यान रखा गया।
शोभा यात्रा शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें शहरवासियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
