जिसका हृदय सबकी चिंता करता हो वह हिन्दू : हरिवंश महाराज

मथुरा, 27 जनवरी(हि.स.)। महानगर की जमुना पार नगर की प्रताप बस्ती में मंगलवार हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में प्रख्यात संत एवं कथावाचक हरिवंश महाराज ने कहा कि हिन्दू वो है जो सबकी चिंता करता है, पर हिन्दू को अपनी इस सहिष्णुता होने की बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ती है। कीमत चुकाते चुकाते अपने भारत देश के अनेक टुकड़े हो गए। बहुत सी जान चली गई पर अभी भी कीमत का अंदाजा नहीं लग पा रहा है कि और कितनी कीमत चुकानी पड़ेगी। तो क्यों न अच्छा हो कि ये सहिष्णुता को हम त्याग कर कीमत चुकाना बंद कर दें।

मुख्य वक्ता संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने कहा कि समय समय पर कुछ आसुरी शक्तियां षडयंत्र कर सनातन समाज को आपस में लड़ाने काम करती है। हिन्दू समाज को ऐसी शक्तियों को पहचानना होगा और खुद को इनके प्रभाव मनाने से रोकना होगा। तब ही हिन्दू समाज पूरे विश्व को दिशा देने का काम कर पाएगा।
अध्यक्षता कर रहे डॉ डोरीलाल ने कहा कि आज देखने में आता है कि हिंदूवादी सरकार में सदा कानून व्यवस्था एवं शिक्षा व्यवस्था चकाचक रही है। क्योंकि हर सरकार को भली भांति पता होता है कि वो जिस विचारधारा की सरकार है उसके वोटर की क्या इच्छा रहती है, तो सरकार उसी अनुरूप शासन चलाती है। सम्मेलन में मातृशक्ति की तरफ से निःशुल्क एकल विद्यालय का संचालन कर रही सविता देवी ने कहा कि माताओं और बहनों को अपने घरों में बच्चों, भाइयों एवं अन्य पुरुषों को संस्कारित करने और धार्मिक बनाने पर जोर देना होगा। जिससे वो भी अपने हिन्दू धर्म और देश के प्रति झुकाव रखें।
सम्मेलन का शुभारम्भ मां भारती के चित्र पर दीप जलाकर कर हुआ एवं समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों के द्वारा लवकुश लीला का मंचन हुआ। सम्मेलन में धर्मपाल वैद्य, श्याम पौनिया, रणवीर, दिनेश बलई, कौशल किशोर, कुलदीप, प्रदीप वर्मा, सत्यवीर, अजय सर्राफ समेत अनेक हिन्दू समाज के बंधु उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
