मंडी, 07 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल -मंडी जनकल्याण सभा दिल्ली द्वारा मंडी जिला के द्रंग विधानसभा हल्के के गांव सिलग में निशुल्क नेत्र जांच व चिकित्सा शिविर लगाया गया। सभा का अब तक का यह 48वां शिविर है। सभा के प्रधान आरके वर्मा ने बताया कि इस शिविर में 593 रोगी जांच हेतु पंजीकृत किए गए जिनकी पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन मारंडा के अनुभवी डाक्टरों एवं पैरामेडिकल टीम द्वारा गहन जांच की गई। जांच के बाद डाक्टरों द्वारा निर्धारित सभी दवाईयां रोगियों को निशुल्क दी गई। डाक्रों द्वारा जिन गंभीर नेत्र रोग व मोतियाबिंद से प्रभावित 68 रोगियों को ऑपरेशन करवाने की सलाह दी गई। उनके आपरेशन रविवार को मेला मल सूद रोटरी आई अस्पताल मारंडाजिला कांगड़ा में किए जाएंगे। आपरेशन करवाने वाले सभी रोगियों को सभा के स्वयंसेवकों द्वारा वाहन द्वारा निशुल्क मारंडा ले जाया जाएगा एवं आपरेशन के बाद सोमवार को सभी रोगियों की गहन जांच के बाद उन्हें वापस सिलग गांव में छोड़ा जाएगा। 15 दिन बाद इन सब रोगियों को फिर से गांव सिलग बुलाया जाएगा और फिर से एक बार उनकी आंखों की जांच की जाएगी।

सभा के महासचिव प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रधान आर के वर्मा की देख रेख में लगाए गए इस शिविर को सफल बनाने के लिए दिल्ली से सभा के 15 स्वयंसेवक सिलग आए थे जिन्होंने मरीजों की जांच व उपचार आदि में मेडिकल टीम की सहायता की। स्वयंसेवक मोतियांबिंद से ग्रसित रोगियों की रोटरी अस्पताल मारंडा में उनकी देखभाल एवं उनके भोजन व दवाईयां इत्यादि का पूरा ख्याल रखेंगे एवं वापसी में बस द्वारा सकुशल सिलग लेकर आएंगे ताकि रोगियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

प्रधान ने बताया कि इस शिविर के लिए स्थानीय लोगों को भरपूर सहयोग मिला जिसके लिए वह उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने ने इस शिविर हेतु विशेष आर्थिक सहयोग के लिए वेद प्रकाश मल्होत्रा गांव संधोल, हिमा देवी, गांव सिलग,कशमीर सिंह झुंडर, घनश्याम भाउ, पंचायत समिति सदस्य बड़ी धार का आभार जताया। इसके साथ ही सभा के सदस्यों हरबंस ठाकुर एवं ललित ठाकुर का भी तन मन धन से सहयोग हेतु आभार जताया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा
