एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में विकसित

हो रहे नेतृत्व, अनुशासन एवं राष्ट्रीय चेतना का सशक्त प्रमाण : वीसी

हिसार, 04 फरवरी (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेविका मानसी
ने गणतंत्र दिवस परेड (आरडी) में सहभागिता कर विश्वविद्यालय, एनएसएस तथा प्रदेश का
नाम गौरवांवित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें राज्य स्तरीय समारोह में
हरियाणा के राज्यपाल ने 21 हजार रुपये का चैक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित
किया गया।
राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने के उपरांत
बुधवार काे विश्वविद्यालय आगमन पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्वयंसेविका मानसी का गरिमामय
स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.
नरसी राम बिश्नोई ने मानसी को सम्मानित करते हुए उनके अनुशासन, परिश्रम एवं राष्ट्रसेवा
से प्रेरित योगदान की सराहना की।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि गणतंत्र
दिवस परेड में सहभागिता तथा राज्यपाल स्तर पर सम्मान विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव
का विषय है। यह उपलब्धि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में विकसित हो रहे नेतृत्व,
अनुशासन एवं राष्ट्रीय चेतना का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने मानसी को विश्वविद्यालय
की प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि मानसी की यह
उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि विश्वविद्यालय का छात्र समुदाय शैक्षणिक उत्कृष्टता के
साथ-साथ राष्ट्रीय एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा
है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान अन्य विद्यार्थियों को भी एनएसएस से जुड़कर
राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में एनएसएस समन्वयक डॉ. महावीर प्रसाद
ने स्वयंसेविका मानसी की उपलब्धि को एनएसएस के राष्ट्र सेवा, नेतृत्व निर्माण एवं चरित्र
विकास जैसे उत्कृष्ट सिद्धांतों का जीवंत उदाहरण बताया। इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम
अधिकारी डॉ. विकास जांगड़ा, डॉ. विनिता, डॉ. रामस्वरूप, डॉ. खुशबू सेठी, डॉ. शिवानी
यादव, डॉ. समृद्धि, दलबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी, स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित
रहीं। सभी ने मानसी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं
प्रदान कीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
