लुवास में बैडमिंटन प्रतियोगिता का रोमांचक समापन

हिसार, 07 मार्च (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु
चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के खेल विभाग की ओर से आयोजित अंतर-विभागीय
बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य एवं रोमांचक समापन उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के माहौल
में संपन्न हुआ। कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में छात्र कल्याण निदेशालय
के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 20 फरवरी से प्रारंभ हुई थी। लगभग दो सप्ताह तक चले
इस टूर्नामेंट में विश्वविद्यालय के 40 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और पूरे
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण तथा उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के मुकाबले विभिन्न श्रेणियों में
आयोजित किए गए, जिनमें बॉयज सिंगल्स, बॉयज डबल्स, गर्ल्स सिंगल्स, गर्ल्स डबल्स तथा
मिश्रित युगल शामिल रहे। बॉयज सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में कपिल और संजीत के बीच कड़ा
मुकाबला देखने को मिला, जिसमें कपिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की, जबकि
संजीत उपविजेता रहे। बॉयज डबल्स में संजीत और लजीत की जोड़ी विजेता रही तथा कपिल और
लोकेश उपविजेता बने। गर्ल्स सिंगल्स में वैनी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए
खिताब अपने नाम किया और प्रार्थना उपविजेता रहीं। गर्ल्स डबल्स में वैनी और श्रुति
की जोड़ी विजेता रही, जबकि पायल और प्रार्थना उपविजेता रहीं। मिश्रित युगल मुकाबले
में प्रिया और संजीत ने अंतिम क्षणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की, जबकि
अमन और खुशी उपविजेता रहे। इसके अतिरिक्त बॉयज डबल्स में सुनील सुथार और पंकज कंबोज
तथा मिश्रित युगल में संदीप सैंडी और प्रार्थना ने तृतीय स्थान (कांस्य पदक) प्राप्त
किया।
इस प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक सुनील सुथार,
खुशी मेहरा और संजीत रहे। आयोजन समिति द्वारा पूरे टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक संचालन
किया गया। आयोजकों के बेहतर प्रबंधन और समर्पण के कारण सभी मुकाबले सुचारु रूप से सम्पन्न
हुए। खिलाड़ियों और दर्शकों ने भी प्रतियोगिता की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना की।
आयोजकों ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में शनिवार काे सीन ऑफ क्राइम के डिप्टी डायरेक्टर
डॉ. रवि कुमार मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस विश्वविद्यालय
के छात्र रह चुके हैं और खेलों ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। उन्होंने खिलाड़ियों
को खेल के मैदान में कड़ी मेहनत करने तथा राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित
किया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा युवा शक्ति और
देश के भविष्य को कमजोर करता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार पंजाब
जैसे राज्य, जो कभी खिलाड़ियों की धरती के रूप में जाना जाता था, नशे की समस्या से
प्रभावित हुआ है।
इस अवसर पर छात्र कल्याण निदेशक डॉ. संदीप गुप्ता,
सहायक छात्र कल्याण निदेशक (खेल) डॉ. यशवंत सिंह, बैडमिंटन अध्यक्ष डॉ. तरुण गुप्ता
सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के जज्बे और खेल
भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि टीम
भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी सौहार्द को भी मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों
को ट्रॉफी, पदक और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। पूरे आयोजन ने विश्वविद्यालय परिवार
में एकता, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन
ही नहीं, बल्कि सौहार्द, सहयोग और उत्कृष्टता का उत्सव बनकर सभी के लिए यादगार बन गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
