नेशनल हाइवे पर मुंढाल फ्लाइओवर के पास हुआ हादसा

हिसार, 23 फरवरी (हि.स.)। हांसी शहर में नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में

भिवानी से जींद जा रही हरियाणा रोडवेज बस की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे
में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए।
घायलों में बास खुर्द निवासी राहुल, जींद के बीबीपुर निवासी प्रदीप, गांव बादशाहपुर
का सतबीर, बीबीपुर जींद निवासी विक्रम, जींद के विकास नगर निवासी सुरेंद्र, भकलाना
निवासी जिले सिंह, भकलाना निवासी पालेराम, मंगल, सिवानी बोलान निवासी जयप्रकाश, एमपी
के रहने वाला रामगोपाल, पत्नी कुसुम और बेटी चाहत और धर्मखेड़ी निवासी मोहित शामिल हैं।
घायलों को हांसी के नागरिक अस्पताल और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसा रविवार रात को हुआ। भिवानी से जींद के लिए रवाना
हुई रोडवेज बस मुंढाल फ्लाईओवर से लगभग दो किलोमीटर आगे पहुंची थी। तभी सामने से आ
रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में
चीख-पुकार मच गई और कई लोग चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीर तुरंत
मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को एंबुलेंस और निजी
वाहनों की मदद से सामान्य अस्पताल हांसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर
रूप से घायल कुछ यात्रियों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज और महम अस्पताल रेफर किया गया है।
फिलहाल, हादसे में घायल लोगों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस
मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
