हिसार, 09 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला इकाई की ओर से केंद्रीय बजट 2026 के विषय पर ‘युवा सम्मेलन’ कुलेरी गांव में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं, पार्टी पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने केंद्रीय बजट 2026 में युवाओं के लिए किए गए प्रावधानों—रोजगार सृजन, स्टार्टअप प्रोत्साहन, कौशल विकास, शिक्षा सुधार एवं स्वरोजगार योजनाओं—पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने सरकार की नीतियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए युवाओं से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। सम्मेलन के अंत में उपस्थित युवाओं ने देश के विकास और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला हिसार के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित युवाओं का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

